धौलाना एनटीपीसी
एनटीपीसी दादरी ताप विद्युत परियोजना में भारी वाहनों के वजन के लिए लगाए गए कई कांटे पिछले करीब पांच महीनों से क्षतिग्रस्त पड़े हैं। ओवरलोड वाहनों के लगातार संचालन के कारण कांटों के स्टील गार्डर टूट गए हैं, प्लेटफॉर्म बैठ गया है और कई स्थानों पर जलभराव होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। इसके बावजूद अब तक मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो सका है, जिससे प्लांट के गेट नंबर-3 पर प्रतिदिन भारी वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं।जानकारी के अनुसार प्लांट के अंदर तीन से चार कांटे लंबे समय से खराब हैं। ड्राइवरों का कहना है कि बायोमास, बॉटम ऐश, फ्लाई ऐश और अन्य भारी सामग्री लेकर आने वाले ट्रकों के अत्यधिक वजन के कारण कांटों की क्षमता पर लगातार दबाव पड़ता है, जिससे उनकी संरचना क्षतिग्रस्त हो गई। कई कांटों के नीचे पानी भरा होने और आसपास की सड़क खराब होने से मरम्मत कार्य भी प्रभावित हो रहा है। खराब कांटों के कारण वाहनों का वजन करने में अधिक समय लग रहा है। इससे प्लांट के अंदर और गेट नंबर-3 के बाहर सैकड़ों ट्रकों की कतार लग जाती है, जिससे जाम की स्थिति बनी रहती है और परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि एनटीपीसी से निकलने वाले ओवरलोड वाहनों के कारण पूर्व में खटाना माइनर की पुलिया, हसनपुर नाले की पुलिया सहित कई सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। समय-समय पर ओवरलोडिंग रोकने के लिए पत्राचार तो किया जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है।क्षतिग्रस्त कांटों की तस्वीरों में टूटे हुए स्टील गार्डर, धंसा हुआ प्लेटफॉर्म और नीचे भरा पानी साफ दिखाई दे रहा है, जो न केवल संचालन व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है बल्कि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका भी पैदा करता है। एनटीपीसी प्रबंधन क्षतिग्रस्त कांटों की शीघ्र मरम्मत कराए, जलभराव की समस्या दूर करे तथा ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करे, ताकि प्लांट के संचालन और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके। यदि एनटीपीसी प्रबंधन का पक्ष प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
