बागपत के कबड्डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या, गन्ने के खेत में मिला शव

शामली/बागपत। उत्तर प्रदेश के शामली जनपद के कांधला थाना क्षेत्र के नाला जंगल में शनिवार सुबह बागपत निवासी 22 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी मोहना उर्फ मोनू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव गन्ने के खेत में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

बताया जा रहा है कि मोनू बागपत के ककड़ीपुर गांव का रहने वाला था। वह कबड्डी खिलाड़ी होने के साथ-साथ फसलों में दवाई स्प्रे करने का काम भी करता था। शनिवार सुबह करीब 5:15 बजे वह नाला गांव में मजदूरों को लेने के लिए घर से निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा।

परिजनों द्वारा तलाश किए जाने के दौरान नाला गांव के रजवाहे की पटरी के पास किसान परविंदर के गन्ने के खेत में उसका शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही डायल-112 और कांधला थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

घटनास्थल पर अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, सीओ कैराना हेमंत कुमार सहित भारी पुलिस बल पहुंचा। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच कर रही है।

22 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी मोहना उर्फ मोनू की हत्या

शामली के कांधला क्षेत्र में गन्ने के खेत से मिला शव

गोली मारकर हत्या किए जाने की पुष्टि

मौके से एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य

पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी, हत्या का कारण अभी रहस्य,,,,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!