शामली | जनपद शामली में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना झिंझाना, थाना बाबरी पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में ₹1 लाख के इनामी वांछित अपराधी फुरकान पुत्र फेमू उर्फ फेमूदीन उर्फ फीमू निवासी मोहल्ला आर्यपुरी, थाना कैराना को मुठभेड़ में मार गिराया गया।
कैसे हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी बदमाश फुरकान क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में फुरकान गोली लगने से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम के एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। राहत की बात यह रही कि अन्य पुलिसकर्मियों ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी थी, जिससे वे सुरक्षित रहे।
बरामदगी और रिकॉर्ड
घटनास्थल से पुलिस ने एक अवैध कारबाइन, एक पिस्टल, जिंदा कारतूस, मैगजीन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस फरार हुए बदमाश के साथी की तलाश में आसपास के इलाकों में कॉम्बिंग अभियान चला रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मारा गया फुरकान थाना कैराना का हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 24 गंभीर मुकदमे दर्ज थे। शासन द्वारा उस पर ₹1 लाख का इनाम भी घोषित था।
पुलिस अधीक्षक का बयान
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों में राहत की भावना है।
