प्रयागराज | उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान की प्रयागराज सेक्टर टीम ने शुक्रवार को हंडिया तहसील में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व निरीक्षक और एक प्राइवेट व्यक्ति को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
क्या था पूरा मामला
शिकायतकर्ता ने 5 अगस्त को पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान प्रयागराज सेक्टर को शिकायती पत्र दिया था। आरोप था कि मौजा वारी, परगना व तहसील हंडिया स्थित गाटा संख्या 451 की संक्रमणीय भूमि की पैमाइश के लिए धनूपुर क्षेत्र में तैनात राजस्व निरीक्षक राकेश तिवारी 10 हजार रुपये की मांग कर रहे थे।
कई बार अनुरोध करने के बाद भी पैमाइश नहीं की जा रही थी। इससे परेशान होकर पीड़ित ने विजिलेंस से शिकायत की।
शिकायत के आधार पर सतर्कता अधिष्ठान ने गोपनीय सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई।
रंगे हाथ गिरफ्तारी
शुक्रवार को निरीक्षक औरंगजेब खान के नेतृत्व में विजिलेंस टीम ने हंडिया तहसील परिसर के पास शास्त्री भवन के बरामदे में घेराबंदी की।
जैसे ही राजस्व निरीक्षक राकेश तिवारी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लिए और प्राइवेट व्यक्ति को इशारा किया, विजिलेंस टीम ने दोनों को दबोच लिया।
रंगीन नोट और रिश्वत की रकम बरामद होते ही आरोपी गिड़गिड़ाने लगे और बोले – “हम नहीं हैं भइया”। लेकिन सबूत सामने होने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आगे की कार्रवाई
विजिलेंस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। पूछताछ के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति है। जनता से अपील है कि रिश्वत मांगने पर तुरंत विजिलेंस को सूचना दें।
